दैनिक जागो वर्ल्ड !

थानाकलां स्थित ग्रामीण आजीविका मिशन केंद्र महिलाओं को घर के पास ही आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रहा है। ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में थानाकलां स्थित ग्रामीण आजीविका मिशन केंद्र नई मिसाल कायम कर रहा है।यहां महिलाओं को अब प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा, बल्कि आधुनिक कौशल विकास की सुविधा उन्हें घर-द्वार के नजदीक ही उपलब्ध हो रही है। इससे महिलाओं के समय और आने-जाने के खर्च की बचत के साथ उनके भीतर स्वरोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है।

थानाकलां स्थित केंद्र में एम3एम फाउंडेशन की आईएमपावर अकादमी फॉर स्किल्स के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।महिलाओं को अचार, मुरब्बा, जैम, जेली, स्क्वैश और सॉस सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विशेष रूप से हैदराबाद से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को बुलाकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीक, स्वच्छता, गुणवत्ता, पैकेजिंग और उत्पाद तैयार करने की उन्नत विधियों की जानकारी दी जा रही है।
