दैनिक जागो वर्ल्ड ! उना

ऊना,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल के दौरान गांव-गांव और हर परिवार के साथ लगातार संवाद बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से शुरू किए गए ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने महज एक सप्ताह में कुटलैहड़ की 61 पंचायतों का दौरा कर अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान बीपीएल परिवारों की चयन प्रक्रिया को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शनिवार को ऊना में आयोजित पत्रकारवार्ता में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और सरकार की योजनाओं को कार्यालयों से बाहर निकालकर सीधे गांव और पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऐसे अनेक लोग हैं जो किसी कारणवश विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों अथवा संबंधित विभागों के कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे लोगों की समस्याओं को उनके घर-द्वार और पंचायत स्तर पर समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों के दौरे के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली ,स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
बीपीएल चयन में पारदर्शिता, कोई पात्र परिवार न रहे वंचित,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बीपीएल चयन प्रक्रिया को लेकर कुटलैहड़ क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि बीपीएल चयन के लिए आठ चरणों में सर्वेक्षण किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से चर्चा के उपरांत नौवां चरण भी शुरू किया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बीपीएल चयन में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है और पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करने का एक बड़ा लाभ यह हुआ कि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके घर के नजदीक ही मिल सकी।
कुटलैहड़ की हर पंचायत में होगा ‘विधायक संवाद रजिस्टर’, जनता लिखेगी अपनी समस्या,
विधायक विवेक शर्मा ने पत्रकारवार्ता में एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि अब कुटलैहड़ की हर पंचायत में ‘विधायक संवाद रजिस्टर’ रखा जाएगा। इस रजिस्टर में ग्रामीण अपनी समस्याएं, मांगें और आवश्यक सुझाव दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध यह रजिस्टर जनता और विधायक के बीच संवाद का स्थायी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए संभव नहीं होता कि वह अपनी समस्या लेकर विधायक या अधिकारी के पास पहुंचे। ऐसे में पंचायत में रखा जाने वाला संवाद रजिस्टर आम जनता को अपनी बात सीधे विधायक तक पहुंचाने का अवसर देगा। दर्ज की गई समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करवाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि यह पहल केवल समस्याएं दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विकास कार्यों की जरूरतों को समझने और उनकी प्राथमिकता तय करने में भी मदद करेगी। उन्होंने कहा, “कुटलैहड़ की हर पंचायत में विधायक संवाद रजिस्टर होगा, जिसमें जनता अपनी समस्याएं लिखेगी। हमारा संकल्प कुटलैहड़ का समग्र विकास है।
स्वास्थ्य, पेयजल और जनकल्याण पर सरकार का फोकस,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पिछले 32 वर्षों के दौरान विकास की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही, लेकिन अब क्षेत्र में बदलाव दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पेयजल से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर भी काम चल रहा है, जिनके पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के हित में कई योजनाएं लागू की गई हैं। दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से पशुपालकों की आय बढ़ाने का प्रयास किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना की बहाली को भी कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के बाद अब पंचायत स्तर पर ‘विधायक संवाद रजिस्टर’ जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने का माध्यम बनेगा। उनका लक्ष्य है कि कुटलैहड़ के प्रत्येक गांव की समस्या सामने आए, उसका समाधान हो और क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका महासचिव रमेश बंगा इकबाल सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे

