दैनिक जागो वर्ल्ड !दिल्ली

किशनगंज की एक 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने देवर सहित पांच लोगों पर दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म करने और देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।दिघलबैंक थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने देवर समेत पांच लोगों पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने, दुष्कर्म करने, मारपीट, धमकी देने और देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने गुरुवार को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विगत आठ जुलाई को उसका देवर पति के पास दिल्ली पहुंचाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया।आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद एक कमरे में रखकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया और घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में पीड़िता किसी तरह मायके पहुंची। घटना की जानकारी देने पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
