Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsSolanविश्व कैंसर दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड ग्रोथ द्वारा...

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड ग्रोथ द्वारा ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।

ब्यूरोरिपोर्ट

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड ग्रोथ द्वारा ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी, इसके बढ़ते मामलों, लक्षणों, समय पर पहचान तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।उप-स्वास्थ्य केंद्र सुराजमाजरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा एवं पूनम शर्मा ने महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षण, स्वयं जांच करने की विधि, नियमित जांच तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को यह भी बताया गया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर इसका सफल उपचार संभव है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्दी में आयोजित जागरूकता सत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्वेता शर्मा एवं रीना शर्मा द्वारा महिलाओं को स्तन कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं बरोटीवाला के लोअर बटेड क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 35 वर्ष से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। इस सत्र में डॉ. अंजलि ने बताया कि वर्तमान समय में सबसे अधिक मामले स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर तथा मुख कैंसर के सामने आ रहे हैं। उन्होंने तंबाकू सेवन, असंतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी तथा समय पर स्वास्थ्य जांच न करवाने को कैंसर के प्रमुख कारण बताया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता ज्योति ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
तीनों स्थानों पर आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों में कुल 200 लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular