दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

युवा नेता डिंपल ने चंडीगढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री मंत्री सौदान सिंह से की मुलाकात, हिमाचल की राजनीति और नशामुक्त समाज के निर्माण पर हुई चर्चा,
बंगाणा,हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए भाजपा बूथ स्तर से अभियान चलाकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। यह बात हिमाचल भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष युवा एवं प्रतिष्ठित व्यावसाई राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने चंडीगढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सौदान सिंह से मुलाकात के दौरान कही। इस मुलाकात में हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश के सामने खड़ी विभिन्न चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने चंडीगढ़ में सौदान सिंह से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक हालात और भाजपा संगठन की गतिविधियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है, जहां बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। संगठन की मजबूती का आधार आम कार्यकर्ता और जनता के साथ उसका सीधा जुड़ाव है। ऐसे में प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
चिट्टे के खिलाफ बूथ स्तर से शुरू होगा निर्णायक अभियान,
युवा व्यवसाई राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे जैसे खतरनाक नशे का बढ़ता प्रभाव समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। नशे की गिरफ्त में आकर अनेक युवा अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं और परिवारों को भी मानसिक तथा सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चिट्टे जैसे भयंकर नशे को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से बूथ स्तर से युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए सक्रिय किया जा रहा है। युवाओं को खेल गतिविधियों, सामाजिक कार्यक्रमों और सकारात्मक कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। डिंपल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए समाज में जागरूकता पैदा करना, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करवाना और नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को उचित उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में सहयोग देना जरूरी है।
युवाओं को खेलों से जोड़कर बनाएंगे नशामुक्त हिमाचल,
युवा व्यवसाई राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। कुश्ती सहित अन्य खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित की जा सकती है। उनका प्रयास रहेगा कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और समाज के निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो परिवार मजबूत होंगे और प्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और खेल संगठनों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। डिंपल ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठ नात्मक शक्ति, सामाजिक सहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में सार्थक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
