दैनिक जागो वर्ल्ड !ऊना ब्युरो रिपोर्ट

युवा नेता डिंपल ठाकुर ने कुटलैहड़ के तनोह में सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर शिरकत करके विजेता,उपविजेता टीम को किया सम्मानित,
बंगाणा,हिमाचल प्रदेश की हर पंचायत और हर गांव से युवाओं को खेलों के साथ जोड़कर उनका भविष्य संवारना हमारा लक्ष्य है, ताकि युवा चिट्टे जैसे घातक नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना पैदा करते हैं। यह बात हिमाचल भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक, हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष, प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तनोह में सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनी तनोह क्रिकेट टीम और उपविजेता रही दियाडा क्रिकेट टीम को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया। वहीं, प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आयोजन कमेटी को 11 हजार रुपये की नकद राशि भी भेंट की। उन्होंने आयोजन कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना सराहनीय पहल है। इससे गांवों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। युवाओं में प्रतिभा, जोश और कुछ कर गुजरने का जज्बा है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर मंच उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर गांवों के खिलाड़ी भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ- साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़- चढ़कर भाग लें। शिक्षा के साथ खेलों का जुड़ाव उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
चिट्टे के खिलाफ खेलों को बनाएंगे मजबूत हथियार,समाज को करेंगे चिट्ठा मुक्त,
युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे जैसे खतर नाक नशे के खिलाफ समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें खेल मैदानों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उनका प्रयास रहेगा कि प्रदेश की प्रत्येक पंचायत और गांव में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले और युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और विकसित हिमाचल की नींव हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक सोच, मेहनत और अनुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सकता है। अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी। इस मौके पर भाजपा नेता सुदर्शन शर्मा कुलदीप शर्मा सुभाष शास्त्री जोगेंद्र देव आर्य सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

