Saturday, November 21, 2026
HomeHImachal Newsबंगाणा में आज से सजेगा जूनियर राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का मैदान,...

बंगाणा में आज से सजेगा जूनियर राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का मैदान, 24 टीमें दिखाएंगी दमखम

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

प्रदेश भर से 576 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी पहुंचेंगे बंगाणा, तीन दिनों तक चलेगा खेलों का महाकुंभ,
बंगाणा,खेल प्रतिभाओं को निखारने और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आज जूनियर राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज बंगाणा में होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से महिला एवं पुरुष वर्ग की कुल 24 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 576 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश भर के युवा खिलाड़ियों के बंगाणा पहुंचने से क्षेत्र में खेलों का उत्साह देखने को मिलेगा। इस मौके पर जिला बॉलीबॉल संघ के सलाहकार चरणजीत शर्मा एवं जिला महामंत्री राजेंद्र ठाकुर रिंकू भी उपस्थित रहे।
हर जिले से महिला, पुरुष टीम लेगी भाग, खिलाड़ियों के रहने-खाने की विशेष व्यवस्था,
राज्य वॉलीबॉल फेडरेशन के महासचिव मदन राणा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के प्रत्येक जिले से एक महिला और एक पुरुष टीम हिस्सा लेगी। इस प्रकार कुल 12 जिलों की 24 टीमें प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगी। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति की ओर से उनके ठहरने और खाने-पीने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ- साथ उनके आराम, भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। तीन दिनों तक बंगाणा में प्रदेश की उभरती हुई वॉलीबॉल प्रतिभाओं का शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा।
वीरेंद्र कंवर के प्रयासों से दूसरी बार बंगाणा को मिली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी,
बॉलीबॉल संघ के राज्य महासचिव मदन राणा ने कहा कि भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के अथक प्रयासों से बंगाणा में दूसरी बार अंडर-18 राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो रहा है। यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सैकड़ों खिलाड़ी बंगाणा पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच और सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी सिखाते हैं।
बंगाणा से चुनी जाएंगी हिमाचल की महिला एवं पुरुष टीमें, राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दमखम,
महासचिव मदन राणा ने कहा कि बंगाणा में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का चयन करना भी है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश की अंडर-18 महिला और पुरुष वॉलीबॉल टीमों का चयन किया जाएगा। चयनित टीमें राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि प्रदेश का युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी रुचि बढ़ाए और खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाए। आज युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल मैदानों से जोड़ने की आवश्यकता है। वॉलीबॉल जैसे खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और अपने जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। बंगाणा में आयोजित यह प्रतियोगिता हिमाचल की नई वॉलीबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular