Saturday, November 21, 2026
HomeHImachal Newsमेजर लखविंद्र सिंह पटियाल जीएसएसएस घनारी में एनएसएस शिविर के दूसरे दिन...

मेजर लखविंद्र सिंह पटियाल जीएसएसएस घनारी में एनएसएस शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों को दिया सैन्य सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं का मार्गदर्शन

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी में आयोजित एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को भारतीय सेना में कार्यरत मेजर लखविंद्र सिंह पटियाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवियों को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के अवसरों, एनडीए, सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी और युवाओं को देशसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।स्वयंसेवियों से संवाद करते हुए मेजर पटियाल ने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता, बशर्ते उसे हासिल करने के लिए अनुशासन, निष्ठा, कड़ी मेहनत और लगन के साथ निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस और सकारात्मक सोच के बल पर युवा बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल कर सकते हैं।
इनसेट बॉक्स
देशसेवा का जज्बा हो, केवल पैसा कमाना जीवन का उद्देश्य नहीं

मेजर लखविंद्र सिंह पटियाल ने युवाओं को देशभक्ति का संदेश देते हुए कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल पैसा कमाना और अपने लिए सुविधाएं जुटाना नहीं होना चाहिए। युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश की सेवा करने का जज्बा भी होना जरूरी है। भारतीय सेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि अनुशासन, सम्मान, त्याग और राष्ट्रसेवा का गौरवशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनना जितना सम्मान की बात है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी है। देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्पण की भावना सर्वोपरि है।उन्होंने एन एस एस स्वयंसेवियों को सलाह दी कि वे स्कूली जीवन से ही अपने लक्ष्य निर्धारित करें और एनडीए, सीडीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से भी स्वयं को मजबूत बनाएं। उन्होंने सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और चयन प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इनसेट बॉक्स
युवाओं में जगाया राष्ट्रसेवा का संकल्प

विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित मोहन ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि सेना के अधिकारियों का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर अपने अनुभव साझा करना युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। ऐसे संवाद विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों सोनिका चौधरी एवं सतीश के. कालिया ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है। इससे पहले स्वयंसेवियों ने श्रमदान करते हुए स्कूल के बोटेनिकल गार्डन की साफ सफाई की।इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य डॉ गुरदीप सिंह, रविंदर सिंह गुलेरिया,विकास चंद, अनिल ठाकुर, अमनीश हयात सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular