दैनिक जागो वर्ल्ड !ऊना ब्युरो रिपोर्ट

भीमताल – कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न दूरस्थ गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और सड़क, पेयजल, बिजली एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम सभाओं बेडचूला, सुनी, भोनरा, जोस्यूड़ा, पतलिया, बलना, मटियाल, खुजेठी, भीड़ापानी एवं हरिनगर का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपने गांवों में लंबे समय से बनी हुई विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने प्रत्येक समस्या का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

