दैनिक जागो वर्ल्ड ऊना

दौलतपुर चौक, 21 नवंबर (संजीव डोगरा): राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह बेरी में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय के 6 से 18 वर्ष तक के बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान चिकित्सक डॉ. गुरपाल, डॉ. अनुपमा तथा फार्मासिस्ट निधि शर्मा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।

इस अवसर पर विद्यालय में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर को 100 प्रतिशत तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजय भाटिया ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और नशामुक्त वातावरण के निर्माण के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ आदतें अपनाने और नशे से सदैव दूर रहने का आह्वान किया। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
