दैनिक जागो वर्ल्ड ऊना
दौलतपुर चौक, 21 नवंबर (संजीव डोगरा)। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में राज्य प्रशिक्षण केंद्र रिवालसर में 14 से 18 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ‘यूथ फोरम-2026’ में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक के तीन रोवर्स ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। फोरम में महाविद्यालय के रोवर्स आर्यन, हर्ष और तुषार ने सक्रिय भागीदारी निभाकर संस्थान का गौरव बढ़ाया।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेशभर से पहुंचे युवा प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, युवा सशक्तिकरण, नागरिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस दौरान दौलतपुर महाविद्यालय के तीनों रोवर्स ने युवा संसद चुनाव, सामुदायिक विकास परियोजना, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रस्तुतीकरण एवं वीडियो निर्माण तथा अंतर-समूह प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

युवा संसद के माध्यम से उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की, जबकि सामुदायिक विकास परियोजना में सामाजिक कल्याण एवं सतत विकास से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त समसामयिक विषयों पर वाद-विवाद, डिजिटल माध्यमों से सामाजिक संदेशों का संप्रेषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी अपनी समझ, रचनात्मकता एवं टीम भावना का परिचय दिया।
तीनों रोवर्स की उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे राज्य स्तरीय मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से महाविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।
वहीं, रोवर स्काउट लीडर प्रो. यासीन मोहम्मद और रेंजर लीडर प्रो. निधि ने भी आर्यन, हर्ष और तुषार के समर्पण, अनुशासन एवं उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीनों रोवर्स ने स्काउटिंग आंदोलन के सेवा, सहयोग और अनुशासन जैसे मूल सिद्धांतों का बेहतरीन परिचय दिया है।