स्याल्दे-गोविन्द रावत

यंग उत्तराखंड एवं जी आर चेरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट, स्याल्दे के सौजन्य से जनपद पौड़ी गढ़वाल के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र उपरैखाल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 223 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर के दौरान निःशुल्क बीपी एवं शुगर जांच, ईसीजी जांच, आधुनिक मशीनों द्वारा आंखों की विस्तृत जांच, निःशुल्क दवाइयों एवं हेल्थ सप्लीमेंट का वितरण, जरूरतमंद लोगों को नजदीक के चश्मे वितरित किए गए। इसके साथ ही पूरे शरीर की खून की जांच तथा सभी लाभार्थियों के चेस्ट एक्स-रे भी निःशुल्क किए गए। विशेष रूप से इस दुर्गम क्षेत्र में बड़ी संख्या में बुजुर्ग लोग पहुंचे, जो लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित थे और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। जांच के दौरान 18 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनका शीघ्र ही निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला। सभी ग्रामीणों ने ट्रस्ट के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। जी आर चेरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट, स्याल्दे के अध्यक्ष रमेश सनवाल ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

