शिमला-टीना ठाकुर

मतियाना बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक DL नंबर की ऑडी कार में सवार दो पर्यटकों ने रोड रेज के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना रविवार शाम करीब 5:50 बजे की बताई जा रही है, जब गलत ओवरटेकिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। आरोप है कि कार सवार व्यक्तियों ने स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के लिए पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु भी निकाली, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। जैसे ही आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना ठियोग हरकत में आया और तत्काल प्रेमघाट चौक पर नाका लगाकर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। कार संख्या DL 10CZ 7071 को उसके दोनों सवारों सहित पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उज्ज्वल जैन (36 वर्ष), निवासी पंजाबी बाग, सहारनपुर, और सोहिल अरोड़ा (36 वर्ष), निवासी वसंत विहार, दिल्ली रोड, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच के दौरान जिस पिस्तौल से डराने की बात कही जा रही थी, वह असल में एक साधारण चीनी निर्मित लाइटर निकला। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



