जागो!दौलतपुर /ब्यूरो रिपोर्ट

सेवानिवृत्त प्राचार्य शशि कुमारी बनीं प्रधान, अनिल तखी बने उपप्रधान
दौलतपुर चौक, 27 मई (संजीव डोगरा) :
उपमंडल अंब के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंजोआ लड़ोली में मंगलवार को संपन्न हुए पंचायत चुनावों के परिणाम बेहद रोचक और चर्चाओं में रहे। विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी के विधायक का गृह क्षेत्र होने के कारण पूरे इलाके की निगाहें इस पंचायत के चुनावों पर टिकी हुई थीं। प्रधान और उपप्रधान पद सहित विभिन्न वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी।
वार्ड नंबर-1 से वीना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 मत प्राप्त कर 66 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस वार्ड में कुल 272 मत पड़े, जिनमें दो मत रद्द हुए।
वार्ड नंबर-2 से अनुराधा ने 87 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। यहां कुल 220 मत पड़े तथा दो मत रद्द घोषित किए गए।
वार्ड नंबर-3 में ओम प्रकाश ने 131 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इस वार्ड में कुल 277 मत पड़े, जिनमें 17 मत रद्द हुए जबकि नोटा को भी 6 वोट मिले।
वार्ड नंबर-5 से अनु कुमारी ने 83 मत लेकर जीत दर्ज की। यहां कुल 169 मत पड़े तथा 4 मत रद्द हुए।
वार्ड नंबर-6 से रेखा कुमारी ने 153 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि 4 मत रद्द घोषित किए गए।
वार्ड नंबर-7 में भी मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। कुल 273 मतों में से 4 मत रद्द हुए और अरुण ठाकुर ने 121 मत प्राप्त कर जीत अपने नाम की।
उपप्रधान पद का मुकाबला पंचायत चुनाव का सबसे चर्चित और रोमांचक मुकाबला रहा। अनिल तखी ने पूर्व प्रधान बलविंदर बिल्ला को करारी शिकस्त देते हुए 899 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उपप्रधान पद के लिए कुल 1715 मत पड़े, जिनमें 48 मत रद्द होने के बाद अनिल तखी ने 424 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
वहीं प्रधान पद पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं शशि कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। प्रधान पद के लिए पड़े कुल 1715 मतों में से 28 मत रद्द हुए, जबकि शशि कुमारी ने 551 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 45 मतों से पराजित कर पंचायत की कमान अपने हाथ में ली।
प्रधान चुने जाने के बाद शशि कुमारी ने अपनी जीत का श्रेय ग्राम पंचायत पंजोआ लड़ोली की जनता को दिया। उन्होंने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पंचायत के समग्र विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी। जीत के बाद उनके निवास स्थान पर समर्थकों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों का बधाई देने के लिए तांता लगा रहा। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार और समर्थकों सहित हनुमान मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने नवनिर्वाचित प्रधान शशि कुमारी, उपप्रधान अनिल तखी तथा सभी विजयी वार्ड पंचों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

