Thursday, June 18, 2026
HomeLatest Newsराज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में दौलतपुर चौक के वंश ठाकुर ने...

राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में दौलतपुर चौक के वंश ठाकुर ने जीता रजत पदक

दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर चौक।16 जून ( संजीव डोगरा )

पैराडाइज़ जिम दौलतपुर चौक के होनहार खिलाड़ी वंश ठाकुर ने राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 13 और 14 जून को पीआई फेडरेशन द्वारा कांगड़ा के कलियारा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश भर से आए कई प्रतिभाशाली पावर लिफ्टरों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में वंश ठाकुर ने 83 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेते हुए अपनी ताकत और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 522.5 किलोग्राम भार उठाकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया। कड़े मुकाबले के बीच हासिल की गई यह उपलब्धि उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।

अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए वंश ठाकुर ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी लगातार मेहनत, संतुलित डाइट और कोच पारस ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिम में मिले प्रोत्साहन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उधर पैराडाइज़ जिम के संचालक एवं कोच पारस ठाकुर ने वंश ठाकुर और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र और जिम परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वंश भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

पारस ठाकुर ने कहा कि युवाओं का जिम और खेलों की ओर बढ़ता रुझान समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उनका मानना है कि खेल और फिटनेस के माध्यम से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास प्रदान करती है।

वंश ठाकुर की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular