बंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्षेत्र के बौल में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक योजना के तहत राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल विधानसभा मुख्यालय बंगाणा में बनाया जाना था। हालांकि, बंगाणा में पहले से ही एक सीबीएसई स्कूल स्थापित हो चुका है। इसी कारण सरकार ने स्थानीय आवश्यकताओं और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बौल में स्थापित करने का निर्णय लिया। माना जा रहा है कि यह फैसला क्षेत्रीय संतुलन और अधिक से अधिक बच्चों तक आधुनिक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की सोच के अनुरूप लिया गया है।
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है और यह परियोजना भी उसी सोच का परिणाम है।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बौल में डे बोर्डिंग स्कूल बनने से धनेत जिला परिषद वार्ड, सोहरी वार्ड तथा आसपास के अनेक गांवों के हजारों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को आधुनिक कक्षाएं, बेहतर शैक्षणिक वातावरण, खेल गतिविधियों और अन्य सह-पाठयक्रम सुविधाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगा। इससे ग्रामीण परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को भी समान अवसर मिलें। शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज में समानता और विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए संस्थान खोलने, भवनों के निर्माण, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने का कार्य कर रही है।
विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री गरीब परिवारों के बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि बौल में बनने वाला राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल आने वाले वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के शिक्षा मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में स्थापित होगा।
क्षेत्र के लोगों में सतपाल सिंह, इकबाल सिंह ,मुकेश कुमार, रमन देवी जमुना देवी ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार और विधायक का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस परियोजना के साकार होने से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र का शैक्षणिक स्तर भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होने से भविष्य में क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए भी बेहतर आधार मिलेगा।

