प्रधान निर्मला देवी के कार्यों की सराहना, कहा धरातल पर हो रहा विकास,जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर करेंगे प्रयास,
बंगाणा

राष्ट्रीय ह्यूमन राइट युवा विंग के प्रदेश चेयरमैन एवं राज्य भाजयुमो कार्यकारिणी सदस्य अजय ठाकुर ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की हमें निस्वार्थ सेवा करना है। इसी सोच और सेवा भाव के साथ वह लगातार आगे बढ़ रहे हैं, क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता तभी सफल माना जाता है, जब उसके कार्यों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे। अजय ठाकुर ने कहा कि उनका स्पष्ट संकल्प है कि आगामी 30 माह के भीतर ग्राम पंचायत सुगड़ियाल को विकास के क्षेत्र में एक आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित किया जाए, ताकि यह पंचायत पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि पंचायत में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सुगड़ियाल की प्रधान श्रीमती निर्मला देवी के नेतृत्व में पंचायत लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रही है। प्रधान बनने के बाद से उन्होंने पंचायत की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया है और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास कार्यों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। यही कारण है कि पंचायत के लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। अजय ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्हें जनसेवा की प्रेरणा अपने ही परिवार से मिल रही है। उन्होंने कहा कि जब परिवार का कोई सदस्य समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करता है तो उससे दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति नैतिक जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ वह आगे भी कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पंचायत के किसी भी व्यक्ति को यदि किसी समस्या का सामना करना पड़ता है तो उसके समाधान के लिए वह स्वयं हर स्तर पर प्रयास करेंगे। चाहे किसी विभाग के अधिकारियों से मिलना पड़े, प्रशासन के समक्ष मामला उठाना पड़े, जनप्रतिनिधियों से संपर्क करना पड़े, वह पीछे नहीं हटेंगे। उनका उद्देश्य केवल इतना है कि पंचायत के लोगों को समय पर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि विकास किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं होता, बल्कि इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और आम जनता के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता होती है। यदि सभी लोग मिलकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें तो कोई भी पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित कर सकती है। उन्होंने पंचायतवासियों से भी विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया। अजय ठाकुर ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही गांवों का भविष्य मजबूत होगा। इसलिए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान,नशामुक्ति जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो गांव, पंचायत और पूरा समाज तेजी से प्रगति कर सकता है।उन्होंने कहा कि उनका संकल्प राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित रखना नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करवाना और क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। ग्राम पंचायत सुगड़ियाल को विकास का मॉडल बनाना उनका लक्ष्य है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायतवासियों के सहयोग, जनप्रतिनिधियों के समन्वय और प्रशासन के सकारात्मक सहयोग से आने वाले समय में सुगड़ियाल पंचायत विकास की नई मिसाल कायम करेगी।

