दैनिक जागो वर्ल्ड कांगड़ा

पंचरुखी पुलिस ने कांगड़ा में 9 लाख रुपये के गहनों की चोरी के मामले को 24 घंटे में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में रेकी कर रात को चोरी करते थे।

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। पंचरुखी पुलिस ने भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में हुई करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों की चोरी की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को पुलिस न्यायालय में पेश करेगी और मामले की आगामी जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी।बता दें कि भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में चोरों द्वारा सोमवार रात्रि एक सूने मकान को निशान बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। यहां चोरी भुआणा निवासी श्रवण कुमार के घर में की गई थी, जबकि घर के सदस्य बैजनाथ स्थित सुसराल में जन्मतिथि समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे।

थाना पंचरुखी प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, कालू राम और बॉबी कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपित बैजनाथ में बिनवा खड्ड के पास रेलवे पुल के नीचे बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। इनमें गुरदीप सिंह और कालू राम आपस में सगे भाई हैं।पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित पिछले करीब 40 वर्षों से बैजनाथ क्षेत्र में रह रहे हैं और अन्य राज्य के परिवारों से संबंधित हैं। इनके खिलाफ पहले भी बैजनाथ थाना और जोगिंद्रनगर थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के अनुसार उन्होंने सबसे पहले बैजनाथ में चोरी की योजना बनाई और एक बिना नंबर की बाइक लेकर चोरी के लिए निकले। इसके बाद वे नागटा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने एक ऐसे घर का ताला तोड़ा, जिसमें कोई मौजूद नहीं था, लेकिन वहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। इसके बाद तीनों आरोपी भरवाना पंचायत के भुआणा गांव पहुंचे और एक घर का ताला तोड़कर वहां से करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोरी के बाद वे वापस बैजनाथ स्थित अपनी झुग्गी में पहुंच गए।
