दैनिक जागो वर्ल्ड हिमाचल

हिमाचल राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने केमिस्ट्री शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। संविदा आधार पर 78 पदों के लिए 207 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

हिमाचल राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने केमिस्ट्री शिक्षक भर्ती का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। संविदा आधार पर रसायन विज्ञान अध्यापक के 78 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित छंटनी परीक्षा आयोजित की गई थी। इन पदों के लिए कुल 2439 आवेदन प्राप्त हुए थे और सभी को अंतिम रूप से प्रवेश दिया गया था। परीक्षा में 1963 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 476 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।आयोग द्वारा अनुमोदित अंक सूची और अनुपात के आधार पर परिणाम तैयार किया गया है। छंटनी परीक्षा में सफल 207 अभ्यर्थियों को आगामी चयन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के लिए अंतिम रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन 78 पदों में सामान्य 28, सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग 10, सामान्य युद्ध में शहीद आश्रित 1, अन्य पिछड़ा वर्ग 13, अन्य पिछड़ा वर्ग गरीबी रेखा से नीचे 3, अनुसूचित जाति 15, अनुसूचित जाति गरीबी रेखा से नीचे 3, अनुसूचित जाति युद्ध में शहीद आश्रित 1, अनुसूचित जनजाति 3 और अनुसूचित जनजाति गरीबी रेखा से नीचे 1 पद शामिल हैं।

शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 11 अगस्त को सुबह 10 बजे से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर के परिसर में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को पात्रता से संबंधित सभी मूल दस्तावेज, सभी दस्तावेजों की 02 स्वप्रमाणित प्रतियां, एक पहचान पत्र और डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति साथ लानी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित दिन उपस्थित नहीं होता है तो उसे आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा और इसके बाद कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
