दैनिक जागो वर्ल्ड !शिमला

शिमला पुलिस ने एक नशा तस्कर की 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है, जो अफीम तस्करी में संलिप्त था। यह कार्रवाई नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की पुलिस की नई रणनीति का हिस्सा है।हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शिमला पुलिस ने एनडीपीएस के एक मामले में तस्करों की 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित लंबे समय से अफीम की तस्करी में संलिप्त था और ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू सहित आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति कर रहा था।पुलिस थाना ठियोग में इस संबंध में 10 जून 2026 को धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर टीम ने रहीघाट, हॉस्पिटल रोड ठियोग स्थित आरोपित सोहन लाल उर्फ हैपी की नाई की दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 71 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपित की वित्तीय गतिविधियों की भी पड़ताल शुरू की। वित्तीय जांच में आरोपित और उसके करीबी सहयोगियों की संपत्तियों, बैंक खातों, आय तथा आय के ज्ञात और वैध स्रोतों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
