दैनिक जागो वर्ल्ड !अमृतसर

सरकार की ओर से जवाब न मिलने पर किसान मजदूर मोर्चा ने देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर धरना शुरू कर दिया है। इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने और यात्रियों की परेशानी बढ़ने की संभावना है।किसान मजदूर मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर वीरवार को अमृतसर के गांव देवीदासपुरा और फिरोजपुर में मल्लांवाला रेलवे ट्रैक पर धरना शुरू कर दिया। मोर्चा की ओर से सरकार को दोपहर 12 बजे तक मांगों पर सकारात्मक फैसला लेने का अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित समय तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद किसानों ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया।

मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में रात को ही देवीदासपुरा पहुंच गए थे। किसान नेताओं का कहना था कि वे अंतिम समय तक सरकार के जवाब का इंतजार कर रहे थे। उम्मीद थी कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करते हुए कोई निर्णय लेगी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रेल ट्रैक पर धरना शुरू करने का फैसला लिया गया। जिसके बाद ट्रेनों पर असर दिखने लगा है।
