दैनिक जागो वर्ल्ड !उत्तराखंड

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में रामगंगा और गोरीगंगा घाटियों में चार नई लघु जलविद्युत परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं से कुल 62 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा, जिससे स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। पहाड़ की छोटी नदियों और जलधाराओं से अब बिजली उत्पादन की तैयारी है। राज्य सरकार सीमांत जिले पिथौरागढ़ की रामगंगा और गोरीगंगा घाटियों में एक साथ चार लघु जलविद्युत परियोजनाएं विकसित करने जा रही है।

इन चारों की कुल प्रस्तावित क्षमता 62 मेगावाट होगी। खास यह है कि यह क्षमता अकेले यूजेवीएनएल की मौजूदा लघु जलविद्युत परियोजनाओं की कुल 68 मेगावाट क्षमता के लगभग बराबर है।ईस्टर्न रामगंगा घाटी में 15 मेगावाट की मुवानी और 14 मेगावाट की कमतोली परियोजना प्रस्तावित है। वहीं गोरीगंगा घाटी में 21 मेगावाट की जिम्बा मरम और 12 मेगावाट की प्यूंशानी परियोजना विकसित की जानी है। यानी पिथौरागढ़ की दो नदी घाटियों में चार योजनाओं के जरिये 62 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी जाएगी।चारों परियोजनाओं को निजी विकासकर्ताओं की भागीदारी से बूट आधार पर विकसित किया जाएगा। निजी भागीदार को डीपीआर तैयार करने, वित्तीय प्रबंध, डिजाइन-इंजीनियरिंग, निर्माण तथा संचालन एवं अनुरक्षण तक की जिम्मेदारी निभानी होगी।उत्तराखंड में जलविद्युत विकास की पहचान अब तक बड़े बांधों और परियोजनाओं से रही है। इसके समानांतर छोटी जलविद्युत परियोजनाओं के जरिये स्थानीय जलधाराओं की क्षमता को उपयोग में लाने पर भी जोर दिया जा रहा है। दो से 25 मेगावाट तक की परियोजनाओं के लिए लागू नीति के तहत पिथौरागढ़ की इन चार योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
