Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseHaryanaगुरुग्राम में शिव बिल्डटेक के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, निदेशकों...

गुरुग्राम में शिव बिल्डटेक के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, निदेशकों के घर भी पहुंची टीम

दैनिक जागो वर्ल्ड!गुरुग्राम

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी शिव बिल्डटेक के कई ठिकानों और निदेशकों के घरों पर वित्तीय हेरफेर व धन शोधन मामले में छापेमारी की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी शिव बिल्डटेक के कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। ईडी के करीब पांच बड़े एवं वरिष्ठ अधिकारियों की अगुआई में यह कार्रवाई सुबह से जारी है। जांच एजेंसी की एक टीम कंपनी के दो निदेशकों के घर भी पहुंची है।ईडी की टीम ने कंपनी के निदेशक अशोक जैन के सेक्टर-14 स्थित मकान नंबर 644 पर सुबह से तलाशी ली। वहीं, दूसरे निदेशक रोहित गुप्ता के सिविल लाइंस स्थित न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के मकान पर भी अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। दोनों स्थानों पर ईडी अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई बड़े स्तर पर वित्तीय हेरफेर और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी बाहरी व्यक्ति को परिसरों के अंदर या बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।ईडी के अधिकारी कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और रियल एस्टेट संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इसके अलावा कंप्यूटर, लैपटॉप समेत अन्य डिजिटल उपकरणों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। अधिकारियों द्वारा इन उपकरणों और उनमें मौजूद रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।फिलहाल, ईडी की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान एजेंसी को क्या दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular