दैनिक जागो वर्ल्ड गोरखपुर

शासन की सख्ती का असर चीनी की कीमतों पर दिखने लगा है। मंगलवार को थोक बाजार में चीनी के दाम में प्रति किलोग्राम चार रुपये की कमी आ गई है। इसके बाद फुटकर बाजार में चीनी 62 से 63 रुपये में मिल रही है। कुछ जगहों पर दुकानदार 65 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चीनी बेच रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि चीनी की कीमतों में अभी और कमी आ सकती है।चीनी की अचानक बढ़ी कीमतों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर थोक कारोबारियों के गोदाम की जांच हो रही है। सभी कारोबारियों को भारत सरकार के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से चीनी के स्टाक की घोषणा करनी है। इसके बाद खाद्य विभाग के अधिकारी गोदाम में पहुंचकर चीनी का स्टाक चेक कर रहे हैं।चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया ने कहा कि मंगलवार को थोक में चीनी का रेट प्रति क्विंटल 5950 रुपये से 6050 रुपये हो गया। इससे पहले कीमत 65 सौ से 66 सौ रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई थी।जिले में अब तक 53 कारोबारी भारत सरकार के पोर्टल पर चीनी के स्टाक की जानकारी दे चुके हैं। इनकी सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्टाक की जांच कर रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अरविंद कुमार दुबे के नेतृत्व में मंगलवार को गोला क्षेत्र के कारोबारियों की जांच की गई।संतोष ट्रेडिंग कंपनी ने 40 टन चीनी के स्टाक की घोषणा की थी। मौके पर 33.8 टन चीनी मिली। कारोबारी ने बताया कि 6.2 टन चीनी की सोमवार को बिक्री की गई थी। अंकित कुमार शिवम कुमार की फर्म में 120 टन और नारायण प्रसाद मद्देशिया की फर्म में 18 टन चीनी का स्टाक मिला।
