जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद

जागो!नूरपुर, भूषण शर्मा
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग नशीले पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर टीम ने हरड़ पुल (हंदोराघराट) के समीप नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।नाकाबंदी के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार (एचपी-40ए-7048) की स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की चालक सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक काला प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। जब पुलिस ने उसकी जांच की तो उसमें से कुल 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा बरामद चरस और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार (38) पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव व डाकघर भाली, तहसील एवं थाना जवाली, जिला कांगड़ा तथा सुनील राणा उर्फ ईशु (29) पुत्र जगरूप सिंह निवासी गांव व डाकघर सहवां, तहसील एवं थाना शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस थाना नूरपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस अवैध नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को पूरी सख्ती से जारी रखेगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी को अपने आसपास नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे की कुप्रथा से मुक्त बनाया जा सके।

