नूरपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थित कार्यकर्ताओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन

जागो!नूरपुर,भूषण शर्मा
नूरपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थित कार्यकर्ताओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अजय महाजन ने शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में हुए नगर परिषद एवं पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत का सम्मान करना था।
समारोह के दौरान नूरपुर नगर परिषद चुनावों में विजयी रहे कांग्रेस समर्थित पार्षदों के साथ-साथ विभिन्न पंचायतों के नव-निर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों, बीडीसी सदस्यों तथा जिला परिषद सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति पर विश्वास जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में वन निगम के निदेशक योगेश महाजन उर्फ सुंदरी ने भी सभी विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों की सफलता जनता के कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया।प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय चुनावों में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को भरपूर समर्थन देकर विकास और जनहित की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है।कार्यक्रम के दौरान सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने विजयी उम्मीदवारों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

