Wednesday, April 15, 2026
HomeHImachal NewsKangraनूरपुर में एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर आयोजित, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव...

नूरपुर में एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर आयोजित, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जा रहे मुफ्त टीके

नूरपुर –भूषण शर्मा

सिविल अस्पताल नूरपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया है। इस विशेष अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क टीके लगाए जा रहे हैं।
नूरपुर अस्पताल की एमएस डॉ. अनुपमा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष टीकाकरण शिविर 4, 5 और 12 अप्रैल को आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य कम उम्र में ही बेटियों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल नूरपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि जसूर, सदवां सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी चलाया जा रहा है। अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी बेटियों का टीकाकरण करवा सकते हैं।
डॉ. अनुपमा शर्मा ने कहा कि इस वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में कई तरह की भ्रांतियां और अफवाहें हैं, लेकिन यह पूरी तरह सुरक्षित और प्रमाणित है। इस वैक्सीन का कोई दुष्प्रभाव नहीं है और इसे विदेशों में लंबे समय से सफलतापूर्वक लगाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले भारत में यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी और काफी महंगी होने के कारण आम लोगों की पहुंच से बाहर थी, लेकिन अब सरकार द्वारा इसे निशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिससे हर वर्ग की बेटियां इसका लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular