दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट
प्रेस क्लब बंगाणा की ओर से सोमवार, 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह का आयोजन आशीर्वाद होटल बंगाणा में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे शुरू होगा, जिसमें उपमंडल बंगाणा के पत्रकारों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी भाग लेंगे। समारोह में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सोनू गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के पहले सत्र में प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक केवल पत्रकारों की संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रेस क्लब बंगाणा को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों की एकजुटता, आपसी सहयोग तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा पत्रकारों को पेश आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
वहीं, दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह एवं विशेष परिचर्चा आयोजित होगी। इसमें पत्रकारिता की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने, सनसनीखेज पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों एवं जिम्मेदारियों, प्रशासन और पत्रकारिता के बीच बेहतर समन्वय तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।
इस अवसर पर पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर 1 बजे सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस क्लब बंगाणा की ओर से उपमंडल के सभी पत्रकारों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समारोह में उपस्थित होकर राष्ट्रीय प्रेस दिवस की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया गया है।

