दैनिक जागो वर्ल्ड !बरनाला

बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब में बंद का असर दिखना शुरू हो गया है। जालंधर में व्यापक असर दिखा, स्कूल बंद रहे। अमृतसर में प्रदर्शन के बाद कई प्रमुख बाजार भी बंद हो गए।बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को बुलाए गए पंजाब बंद का राज्य के कई शहरों में असर देखने को मिला। सबसे अधिक प्रभाव जालंधर में दिखाई दिया, जहां सुबह 10 बजे से लगभग पूरा शहर बंद रखा गया। वहीं अमृतसर में शुरुआत में बाजार सामान्य रूप से खुले रहे, लेकिन प्रदर्शनकारियों के प्रमुख बाजारों की ओर बढ़ने के बाद कई व्यापारियों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए।

जालंधर में बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग भगवान वाल्मीकि चौक के पास एकत्र हुए। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया। शहर के पुराने जीटी मार्ग, शेखा बाजार, रैणक बाजार, नया बाजार, गुरु नानकपुरा मार्ग बाजार, अली मोहल्ला बाजार, मॉडल टाउन खेल बाजार और बस्ती पीरदाद मार्ग समेत लगभग सभी प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र बंद रहे। बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।
