दैनिक जागो वर्ल्ड!महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के नासिक में दो दिन से लापता 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला चंद्रभागा भोरकाटे एक कुएं में जीवित मिलीं। पुलिस ने एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद हैरान करने वाली और राहत भरी खबर सामने आई है। यहां पिछले दो दिनों से लापता चल रही 75 साल की एक बुजुर्ग महिला कुएं के अंदर जिंदा मिली। गनीमत यह रही कि समय रहते लोगों की नजर पड़ गई और एक घंटे तक चले साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बता दें कि चंद्रभागा भोरकाटे नाम की यह बुजुर्ग महिला नासिक जिले की रहने वाली हैं और पिछले दो दिनों से अचानक लापता हो गई थीं, जिनकी परिवार और पुलिस तलाश कर रही थी। सोमवार को बस स्टैंड के पास बने एक पुराने कुएं के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों को अचानक पानी में जोर से छपाक की आवाज सुनाई दी।मिली जानकारी के अनुसार जब राहगीरों ने कुएं के अंदर झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। कुएं के अंदर चंद्रभागा भोरकाटे पानी में डूबी हुई थीं, लेकिन अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने गजब का संयम दिखाया।बुजुर्ग महिला ने पानी के पंप से जुड़ी रस्सी को मजबूती से पकड़े हुए थीं और खुद को डूबने से बचाने के लिए उन्होंने अपने पैरों को कुएं की पथरीली दीवार के एक छेद में फंसा रखा था ताकि उनका शरीर फिसले नहीं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। बुजुर्ग महिला की जान बचाने के लिए बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस संघर्षपूर्ण और नाटकीय अभियान के बाद पुलिस ने सुरक्षित तरीके से महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया। फिलहाल महिला को सुरक्षित बचाकर अस्पताल या उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, और इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
