दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना अंबोटा

पोषण अभियान 2026 के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा बुधवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी परियोजना गगरेट के अंतर्गत अंबोटा, पिरथीपुर और संघनेई के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों का आयोजन रंजना चौधरी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया। आंगनबाड़ी केंद्र संघनेई में कार्यकर्ता प्रोमिला के नेतृत्व में विशेष रूप से पोषण आहार तैयार किया गया और उपस्थित लाभार्थियों को पौष्टिक भोजन के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। वहीं गर्भवती और धात्री महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक भोजन को दैनिक आहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों से स्थानीय एवं पोषक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने का आह्वान किया।
इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों की उचित देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

