शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के मूल्यांकन प्रणाली को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है।

जागो!शिमला,टीना ठाकुर
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के मूल्यांकन प्रणाली को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। शिक्षा निदेशालय ने जारी निर्देशों में कहा है कि सीबीएसई से संबद्ध सभी सरकारी स्कूलों में फिलहाल मौजूदा मूल्यांकन प्रणाली ही लागू रहेगी। जारी पत्र के अनुसार सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में छात्रों का मूल्यांकन पूर्व की तरह फॉर्मेटिव असेसमेंट और समेटिव असेसमेंट प्रणाली के तहत किया जाएगा। यह व्यवस्था शैक्षणिक या कैलेंडर सत्र 2026-27 के लिए लागू रहेगी।शिक्षा निदेशालय ने कहा कि इस विषय पर सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों से लगातार टेलीफोन पर पूछताछ की जा रही थी। इसके बाद मामले पर लंबे समय से विचार-विमर्श किया गया और सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय शिमला से परामर्श लेने के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया गया। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी उपनिदेशकों माध्यमिक, गुणवत्ता और प्रारंभिक शिक्षा को निर्देश दिए हैं कि वे इस संबंध में तुरंत जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही सभी सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

