दैनिक जागो वर्ल्ड !ओडिशा

ओडिशा के बालासोर जिले के रानाकाथा प्रोटेक्टेड रिजर्व फॉरेस्ट से पांच छोटे ओरंगुटान बच्चों को बचाया गया है। इन सभी को इलाज और देखभाल के लिए भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में क्वारंटीन किया गया है, जहाँ उनकी 24 घंटे निगरानी हो रही है। ओडिशा के बालासोर जिले में बाडापाई गांव के पास स्थित रानाकाथा प्रोटेक्टेड रिजर्व फॉरेस्ट से ओरंगुटान के पांच छोटे बच्चों को सुरक्षित बचाया गया है। बचाए गए बच्चों में दो मादा और तीन नर ओरंगुटान शामिल हैं, जिनकी उम्र एक साल से भी कम है। उल्लेखनीय है कि यह जंगल ओरंगुटान का प्राकृतिक आवास नहीं है, जिससे उनके यहां मिलने पर कई सवाल उठ रहे हैं।

बालासोर के डिवीजन फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) इंदाल्कर प्रतीक प्रकाश के अनुसार, वन विभाग की टीम द्वारा इन सभी को रेस्क्यू करने के बाद इलाज और बेहतर देखभाल के लिए भुवनेश्वर स्थित प्रसिद्ध नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में भेजा गया है।नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर प्रदीप मिरासे ने बताया कि बालासोर वाइल्डलाइफ डिवीजन की ओर से कल रात लगभग 10:30 बजे इन बच्चों को ज़ू को सौंपा गया। पार्क प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की, उन्हें साफ़ किया और लिंग की पहचान करने के बाद सुरक्षित क्वारंटीन सेंटर में स्थानांतरित कर दिया।
