Sunday, September 20, 2026
HomeHImachal Newsलाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर शहीद भगत सिंह क्लब ने दी...

लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर शहीद भगत सिंह क्लब ने दी श्रद्धांजलि

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना दौलतपुर चौक

शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के सदस्यों ने बुधवार को शहीद स्मारक गगरेट में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं निर्भीक पत्रकार लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। क्लब सदस्यों ने लाला जगत नारायण के देश, समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए योगदान को याद किया।
क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने कहा कि लाला जगत नारायण का जन्म 31 मई 1899 को वजीराबाद, गुजरांवाला जिले में हुआ था। उन्होंने लाहौर के दयानंद एंग्लो वैदिक कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। आर्य समाज से जुड़े लाला जगत नारायण स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रहे। वे छुआछूत के प्रबल विरोधी तथा महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार दिए जाने के समर्थक थे।
उन्होंने बताया कि देश के विभाजन के बाद वर्ष 1948 में लाला जगत नारायण ने जालंधर में ‘हिंद समाचार’ उर्दू दैनिक समाचार पत्र की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 1965 में ‘पंजाब केसरी’ हिंदी दैनिक की स्थापना की। आतंकवाद के दौर में भी उन्होंने निडर होकर अपनी लेखनी के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की और पंजाब में शांति एवं भाईचारा कायम करने के लिए लगातार प्रयास किए।
मुनीष ठाकुर ने कहा कि 9 सितंबर 1981 को आतंकवादियों ने देश के इस सच्चे सपूत और निर्भीक पत्रकार की हत्या कर दी। लाला जगत नारायण का जीवन देशभक्ति, सामाजिक समरसता, निर्भीक पत्रकारिता और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर समाजसेवी अशोक वैद, उपप्रधान राजिंदर बंसल, आकाश, मंजीत सिंह, कमल कुमार, मोहित बग्गा, विशाल ठाकुर, राजीव, राजेश वैद, राहुल, शम्मी सिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular