दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर

सेमिनार में डॉ. विनय ने बताए टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के उपाय
दौलतपुर चौक, 10 सितंबर (संजीव डोगरा)। राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक की एनसीसी इकाई ने रेड रिबन क्लब के सहयोग से गुरुवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सेमिनार एवं रैली का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को क्षय रोग के प्रति जागरूक करना तथा इसके उन्मूलन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
सेमिनार में सरकारी अस्पताल दौलतपुर चौक के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, कारण, बचाव, समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी का समय पर पता लगाकर उचित उपचार करवाना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से टीबी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मनोज कहोल ने स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एनसीसी और रेड रिबन क्लब के प्रयासों की सराहना की। एनसीसी अधिकारी प्रो. अर्श सिंह राणा ने कहा कि टीबी के खिलाफ जागरूकता, समय पर जांच, नियमित उपचार और सामुदायिक भागीदारी अहम है।सेमिनार के बाद डॉ. विनय ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर तथा नारे लगाकर लोगों को टीबी की रोकथाम और उपचार के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से डॉ. विनय को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में रेड रिबन क्लब की संयोजक डॉ. मनीषा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
