दैनिक जागो वर्ल्ड!ऊना

बच्चों को भिक्षावृत्ति से दूर कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम द्वारा रेड लाइट, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से भ्रमण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी बच्चे के भिक्षावृत्ति में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई एवं सहायता प्रदान की जा सके।
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पिछले तीन-चार दिनों से निगरानी के दौरान भिक्षावृत्ति से संबंधित कोई भी मामला सामने नहीं आया है। टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

चाइल्ड हेल्पलाइन ने जनसामान्य से अपील की है कि बच्चों को भिक्षा देने के बजाय उन्हें शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करें। यदि किसी स्थान पर कोई बच्चा भिक्षावृत्ति करता हुआ दिखाई देता है, तो इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि बच्चे को आवश्यक संरक्षण, सहायता एवं शिक्षा से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।

