दैनिक जागो वर्ल्ड ! शिमला

शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर चंडीगढ़ के मनीमाजरा से एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 9.31 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई से जुड़े मामले में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर एक बैंक कर्मचारी को मनीमाजरा चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 31 वर्षीय गौरव तिशावर निवासी मनीमाजरा चंडीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपित एक सहकारी बैंक में नौकरी करता है और नौकरी के साथ मादक पदार्थों की बिक्री में भी संलिप्त था।आरोपित के मनीमाजरा स्थित आवास से 9.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह कार्रवाई शिमला पुलिस ने आठ सितंबर को दर्ज मामले के तहत की है।

शिमला पुलिस ने कृष्णानगर निवासी 25 वर्षीय सनमजीत और 22 वर्षीय सुमित को आठ सितंबर को पांच ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपितों से पूछताछ की और चिट्टे की सप्लाई के पीछे जुड़े लोगों का पता लगाने का प्रयास किया। जांच में मिली जानकारी और तथ्यों के आधार पर चिट्टे की सप्लाई की पिछली कड़ी सामने आई। इसमें गौरव तिशावर की कथित संलिप्तता का पता चला।
