दैनिक जागो वर्ल्ड !धर्मशाला

दलाई लामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने भारत की सफलता को वैश्विक शांति और स्थिरता में महत्वपूर्ण योगदान बताया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने उन्हें पत्र लिखकर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। दलाई लामा ने भारत के एक आत्मविश्वासी और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी।उन्होंने पत्र में लिखा कि भारत की सफलता वैश्विक शांति, स्थिरता और विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने स्वयं को भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक बताते हुए कहा कि भारत दुनिया के सामने अहिंसा और करुणा का उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन बुद्धिमत्ता से शांति और सद्भाव का संदेश मिलता है।

दलाई लामा ने भारत सरकार और देश की जनता के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें और उनके साथी तिब्बतियों को छह दशक से अधिक समय से भारत की ओर से गर्मजोशी और उदार आतिथ्य मिलता रहा है। उन्होंने पत्र के अंत में प्रधानमंत्री मोदी के लिए पुन शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
