अम्ब /स्पर्श शर्मा

रूपिंदर सिंह देहल ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान केवल एक मंत्री का नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज की अस्मिता, गौरव और बलिदान का अपमान है। जिस समाज ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सबसे अधिक बलिदान दिए हों, उस समाज के प्रतिनिधि को संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच से “गद्दार” कहना, कांग्रेस की घोर राष्ट्रविरोधी और सिख विरोधी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास सिखों के साथ विश्वासघात, दमन और नरसंहार से भरा हुआ है।
ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख नरसंहार आज भी कांग्रेस के माथे पर एक ऐसा कलंक हैं, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता। राहुल गांधी का आज का बयान उसी रक्तरंजित कांग्रेस मानसिकता की अगली कड़ी है।
रूपिंदर सिंह देहल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सिखों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है और जब भी सत्ता मिली, सिख समाज को कुचलने का काम किया। आज राहुल गांधी द्वारा सिख केंद्रीय मंत्री को “गद्दार” कहना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस आज भी सिख समाज के प्रति नफ़रत, द्वेष और हीन भावना से ग्रसित है।
उन्होंने कहा कि यह बयान संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता पर सीधा हमला है। राहुल गांधी को तुरंत देश और सिख समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा यह माना जाएगा कि कांग्रेस पार्टी इस सिख विरोधी बयान का समर्थन करती है।
रूपिंदर सिंह देहल ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब-जब राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश की धरती पर कदम रखेंगे, तब-तब सिख समाज और भारतीय जनता युवा मोर्चा उनका लोकतांत्रिक लेकिन ज़ोरदार विरोध करेगा। कांग्रेस की सिख विरोधी, भारत विरोधी और विभाजनकारी राजनीति को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सिख समाज अपमान सहना नहीं जानता। जो सिखों का सम्मान करेगा, वही देश का सम्मान करेगा, और जो सिखों का अपमान करेगा, उसे देश की जनता करारा जवाब देगी।
