दैनिक जागो हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को भोटा विश्रामगृह में प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की संवैधानिक पहचान, संगठनात्मक मजबूती, कथित तौर पर संगठन के नाम एवं पदों के दुरुपयोग और इस संबंध में प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के नाम और आधिकारिक पदों का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करने वालों को 15 दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने का अवसर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन समाचार पत्रों में संगठन के कथित फर्जी अध्यक्ष अथवा पदाधिकारियों को लेकर समाचार प्रकाशित हुए हैं, उन समाचार पत्रों एवं संबंधित पत्रकारों को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस भेजने पर चर्चा की गई। यूनियन का कहना है कि संगठन की आधिकारिक पहचान को लेकर किसी प्रकार का भ्रम या गलत जानकारी स्वीकार नहीं की जाएगी

बैठक में बद्दी में हाल ही में हुए पत्रकार संगठन के चुनावों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि बद्दी में आयोजित चुनाव हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के चुनाव नहीं थे और न ही उनका इस पंजीकृत संगठन से कोई संबंध है। किसी भी पत्रकार को अपना अलग संगठन बनाने का अधिकार है, लेकिन किसी अन्य पंजीकृत संगठन के नाम और पहचान का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की अपनी पंजीकृत पहचान, संविधान और निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया है। जुलाई 2025 में राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में संगठन के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न हुए थे। ऐसे में संगठन की अधिकृत व्यवस्था के विपरीत किसी को पदाधिकारी दर्शाना संगठन की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यूनियन पत्रकारों के अधिकारों और प्रेस की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा संगठन की पहचान सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में राजस्थान में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि हिमाचल प्रदेश से 10 प्रतिनिधि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने पर सहमति बनी।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोलन, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में जिला इकाइयों के गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का विस्तार पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्ष पत्रकारिता और उनके हितों की रक्षा को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणेश राणा, संगठन मंत्री गोपाल शर्मा, उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, उषा चौहान, जगदीश राम, सतीश कुमार, स्मिथ सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन की संवैधानिक पहचान को मजबूत बनाए रखने, प्रदेश में नई इकाइयों के गठन, राष्ट्रीय अधिवेशन में सक्रिय भागीदारी और पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ने के संकल्प के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने पर सहमति व्यक्त की गई।
