कुल्लू–प्रिया शर्मा

जिले के बंजार उपमंडल में सोजा के समीप जालोड़ा मोड़ के पास शुक्रवार को एक ट्रैवलर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए।
पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली पंजीकरण संख्या DL1BC 4958 की ट्रैवलर गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई। वाहन में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 20 वयस्क और दो बच्चे शामिल थे। हादसे में मौके पर ही दो पुरुष और दो महिलाओं की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रशासन के अनुसार घटनास्थल पर सर्च एवं सत्यापन कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं



