Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaविधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से बंगाणा,तूतडू व हटली,तल्पी सड़क के लिए...

विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से बंगाणा,तूतडू व हटली,तल्पी सड़क के लिए 23 करोड़ मंजूर,

ऊना

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात देते हुए बंगाणा , तूतडू तथा हटली,तल्पी (वाया पीपलू, धनेटा) सड़क के चौड़ीकरण, सुधार और मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 23 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद मिली इस स्वीकृति से दोनों महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। सड़कों का चौड़ीकरण होने के साथ-साथ तीखे और खतरनाक मोड़ों को भी समाप्त किया जाएगा, जिससे आम लोगों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। विधायक विवेक शर्मा ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा लोक निर्माण मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कुटलैहड़ क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
सड़क चौड़ीकरण से बढ़ेगी सुरक्षा, हर दो किलोमीटर पर बनेंगे सुलभ शौचालय,
कुटलैहड़ की स्वीकृत परियोजना के तहत बंगाणा तूतडू सड़क और हटली–तल्पी सड़क का व्यापक सुधार किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, तीखे मोड़ों को वैज्ञानिक तरीके से सुधारा जाएगा तथा यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर सुलभ शौचालयों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किए जाने से भविष्य में यातायात का दबाव भी आसानी से संभाला जा सकेगा। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि लंबे समय से इन मार्गों के सुधार की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती दिखाई दे रही है।

बंगाणा तूतडू सड़क का कार्य होने से श्रद्धालू परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ,
बंगाणा से कामलू सड़क की लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है, जबकि कामलू से तूतडू तक सड़क निर्माण कार्य पहले से ही युद्ध स्तर पर चल रहा है। जब बंगाणा से कामलू तक का मार्ग भी मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड के रूप में विकसित हो जाएगा, तब यह पूरा मार्ग श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाएगा। वर्तमान में जम्मू, पठानकोट, धर्मशाला तथा आस पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कामलू होकर बंगाणा, शाहतलाई और माता नैना देवी के दर्शन के लिए आते हैं। सड़क बेहतर होने से इन श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधा जनक होगी। साथ ही दिल्ली, चंडीगढ़ तथा अन्य प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली सरकारी बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के संचालन को भी गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और अन्य लोगों को मिलेगा। हटली–तल्पी सड़क के उन्नयन से धनेटा एवं आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था भी मजबूत होगी। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि उपज के परिवहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
मैं जनता का डाकिया हूं, मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाता हूं’, विवेक शर्मा
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लगातार सरकार के समक्ष रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाणा–तूतडू तथा हटली–तल्पी सड़क के लिए 23 करोड़ रुपये की स्वीकृति क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुटलैहड़ की जनता की प्रत्येक उचित मांग को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक ने कहा, “मैं तो कुटलैहड़ की देवतुल्य जनता का एक डाकिया हूं। जनता की मांगों को लेकर शिमला जाता हूं और माननीय मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखता हूं। मुख्य मंत्री महोदय उन मांगों को पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त करता हूं। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क जैसी सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर भी बेहतर होगा। स्थानीय लोगों ने भी सड़क परियोजना की स्वीकृति पर खुशी व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा होगा और क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular