30 से अधिक किसानों ने लिया भाग, कैटल फीड भी वितरित
दौलतपुर चौक, संजीव डोगरा

कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना, ऊना के तत्वावधान में विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत कैलाशनगर में शुक्रवार को किसान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 30 से अधिक किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती एवं वैज्ञानिक पशुपालन से जुड़ी आधुनिक जानकारियां प्राप्त कीं।
यह प्रशिक्षण शिविर परियोजना निदेशक, आत्मा, ऊना तथा उप परियोजना निदेशक, आत्मा, ऊना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक प्रौद्योगिकी प्रबंधक श्रीमती विमला एवं गुरमीत सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों, प्राकृतिक आदानों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्राकृतिक खेती से होने वाले आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
शिविर में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने संतुलित कैटल फीड, पशुओं के बेहतर पोषण, रोग प्रबंधन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर किसानों को जागरूक किया। प्रशिक्षण के उपरांत उपस्थित किसानों को कैटल फीड का वितरण भी किया गया।
वक्ताओं ने किसानों को प्राकृतिक खेती एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर कृषि लागत घटाने और आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। किसानों ने प्रशिक्षण शिविर को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कृषि विभाग और आत्मा परियोजना का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कैलाशनगर की प्रधान उपासना देवी, उपप्रधान अजय शर्मा, वार्ड सदस्य तथा वार्ड नंबर-1 एवं वार्ड नंबर-2 के ग्रामीण भी उपस्थित रहे

