Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ के ऐतिहासिक बनौडे महादेव मंदिर में नतमस्तक हुए प्रदेश के युवा...

कुटलैहड़ के ऐतिहासिक बनौडे महादेव मंदिर में नतमस्तक हुए प्रदेश के युवा मंत्री विक्रमादित्य सिंह, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना,

कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा रहे साथ, धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता ,विक्रमादित्य सिंह

बंगाणा

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्राचीन श्री बनौडे महादेव मंदिर, चताडा में हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए सभी प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली की प्रार्थना की।
मंदिर पहुंचने पर ग्राम पंचायत चताडा, मंदिर कमेटी तथा स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह और विधायक विवेक शर्मा का भव्य स्वागत किया। मंदिर कमेटी की ओर से दोनों जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस सम्मान के लिए मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह ने ग्राम पंचायत, मंदिर कमेटी और क्षेत्र की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के रूप में पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां के प्राचीन मंदिर और धार्मिक स्थल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। राज्य सरकार इन धार्मिक स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को भी सुरक्षित रखना है। आने वाले समय में धार्मिक स्थलों के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवश्यक कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि श्री बनौडे महादेव मंदिर कुटलैहड़ क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इन स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि स्थानीय पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यदि इन स्थलों का समुचित विकास किया जाए तो क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह और विधायक विवेक शर्मा ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया तथा मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी भावनाओं और सुझावों को भी सुना। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर के ऐतिहासिक महत्व की सराहना करते हुए इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular