Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaऊंची सड़क बनने से बाधित हुई जल निकासी, पहली ही बारिश में...

ऊंची सड़क बनने से बाधित हुई जल निकासी, पहली ही बारिश में लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी

टकराला के कई घरों में घुसा बरसाती पानी, ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग

ऊना

जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टकराला में शनिवार रात हुई बारिश के बाद कई घरों में बरसाती पानी घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी घरों में घुसने से घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ और लोगों को रातभर मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सड़क का स्तर ऊंचा कर दिया गया, लेकिन बरसाती पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते बारिश का पानी सीधे रिहायशी मकानों में घुस रहा है। लोगों ने कहा कि अभी तो मानसून की शुरुआत ही हुई है, ऐसे में यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के समय उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक को जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के लिए ज्ञापन भी सौंपा था। बावजूद इसके आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब पहली ही बारिश में बरसाती पानी लोगों के लिए आफत बन गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र का शीघ्र निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular