दैनिक जागो वर्ल्ड !पंजाब

पंजाब सरकार ने ‘जीवनजोत’ प्रोजेक्ट के तहत बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान तेज किया है, जिसमें 39 बच्चों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें से 27 बच्चों को परिजनों को सौंपा गया। पंजाब में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ सरकार ने अभियान तेज कर दिया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में प्रोजेक्ट ‘जीवनजोत’ के तहत राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 39 बच्चों को भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू किया गया।

अभियान के तहत अलग-अलग समय में 195 हॉटस्पॉट की जांच करते हुए 82 विशेष रेड की गईं। रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को संबंधित बाल कल्याण समितियों के समक्ष पेश किया गया।डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार हर बच्चे को भिक्षावृत्ति, शोषण और असुरक्षा से मुक्त कर सुरक्षित बचपन देने के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों को केवल सड़कों से हटाना ही सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी अभियान का अहम हिस्सा है।
