दैनिक जागो वर्ल्ड !अलीगढ़

अलीगढ़ में करणी सेना से विवाद के बाद वाल्मीकि समाज के युवकों पर मुकदमा दर्ज होने और हिरासत में लिए जाने के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर सिविल लाइन थाने का घेराव किया। इस कारण शहर में कूड़ा उठान पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। तालानगरी में गुरुवार सुबह से सफाई व्यवस्था ठप पड़ी है। बुधवार की शाम क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष व वाल्मीकि समाज के युवकों के बीच मारपीट और वाल्मीकि समाज के लोगों पर मुकदमा दर्ज होने का प्रकरण हुआ था। समाज के दो-तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया।

गुरुवार सुबह घर-घर कूड़ा उठान करने वाले कर्मचारियों ने विरोध करते हुए सिविल लाइन थाने का घेराव कर दिया। कूड़ा उठाने वाले वाहनों के चालक हड़ताल कर थाने पहुंच गए हैं। वाहन भी थाने के बाहर खड़े कर दिए हैं। इससे मुहल्लों में कूड़ा उठान नहीं हुआ। कई क्षेत्रों में लोगों ने सड़क किनारे ही कूड़ा फेंक दिया।
