Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseMadhya Pradeshउज्जैन में महाकाल दर्शन को पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी के...

उज्जैन में महाकाल दर्शन को पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी के परिवार से मारपीट, प्रसाद खरीदने को लेकर बढ़ा विवाद

दैनिक जागो वर्ल्ड!उज्जैन

उज्जैन में महाकाल दर्शन करने आए केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट हुई। आरोप है कि प्रसाद की दुकान के संचालकों ने सामान खरीदने का दबाव बनाया, मना करने पर विवाद के साथ झूमाझटकी की।भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाकाल मंदिर क्षेत्र में प्रसाद और फूल की दुकान संचालकों ने परिवार पर अपनी दुकान से सामान खरीदने का दबाव बनाया। इनकार करने पर विवाद बढ़ा और 4-5 लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर हाथापाई कर दी। घटना में महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आई हैं।

योगेश साहू मंगलवार को पत्नी, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्वालियर से उज्जैन पहुंचे थे। उनके मुताबिक, मंदिर क्षेत्र में कुछ दुकानदारों ने बैग रखने के बहाने उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया और प्रसाद खरीदने के लिए कहा। परिवार ने करीब 100 से 150 रुपये का प्रसाद खरीदा और आगे बढ़ने लगे।योगेश साहू का आरोप है कि इसके बाद दुकानदारों ने उनसे और प्रसाद खरीदने के लिए कहा। परिवार ने मना किया तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि 4-5 लोग उनके पीछे आए और परिवार के सदस्यों से मारपीट व धक्का-मुक्की की। इस दौरान खरीदा गया प्रसाद भी छीन लिया गया।परिवार के अनुसार, घटना में अंकिता साहू की कोहनी में चोट आई, जबकि योगेश साहू के गाल पर थप्पड़ मारने का आरोप है। ओमप्रकाश साहू, नेहा कुमारी शाह, हर्ष देवी साहू और अंजली साहू के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। परिवार के साथ मौजूद छोटे बच्चे के कारण भी मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। नेहा कुमारी शाह के गर्भवती होने के चलते परिजन घटना को लेकर चिंतित हो गए।घटना के बाद परिवार ने महाकाल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular