दैनिक जागो वर्ल्ड !उत्तराखंड

उत्तराखंड हाई कोर्ट के नए भवन के लिए हल्द्वानी में 30 हेक्टेयर वनभूमि के हस्तांतरण हेतु लोक निर्माण विभाग ने परिवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है।हाई कोर्ट के नए भवन के निर्माण से जुड़ी वनभूमि के हस्तांतरण के लिए लोनिवि की हल्द्वानी डिवीजन ने विधिवत आवेदन कर दिया है। परिवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन नोडल अधिकारी (स्टेट) के पास पहुंच चुका है। आवेदन के अध्ययन के बाद डिवीजन को निर्देश जारी होंगे। नोडल स्तर से वनभूमि के मामले में कोई सुझाव भी दिए जा सकते हैं।

हाई कोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी शिफ्ट करने के लिए बेलबाबा के पास तराई केंद्रीय वन प्रभाग की भाखड़ा रेंज से जुड़ी 30 हेक्टेयर जमीन को चुना गया है। लेकिन वनभूमि होने के कारण हस्तांतरण की प्रक्रिया केंद्रीय वन मंत्रालय के स्तर से ही पूरी होगी। हाई कोर्ट के नए परिसर में भूमिगत और अलग-अलग ब्लाक में पार्किंग, सभागार, आनलाइन डेटा सेंटर, सड़क, सुरक्षा दीवार व अन्य सुविधाओं को शामिल किया गया है।
