Tuesday, April 14, 2026
HomeRajniti“कांग्रेस का ज्ञान सीमित, देश की विदेश नीति पर अनर्गल बयानबाज़ी”—खाड़ी हालात...

“कांग्रेस का ज्ञान सीमित, देश की विदेश नीति पर अनर्गल बयानबाज़ी”—खाड़ी हालात पर नेगी के बयान पर राकेश जमवाल का पलटवार

शिमला-टीना ठाकुर

भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की आदत बन चुकी है कि हर वैश्विक परिस्थिति का दोष भारत सरकार पर मढ़ दिया जाए, जबकि सच्चाई और आंकड़े इसके बिल्कुल विपरीत हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव या वैश्विक संघर्ष का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ता है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी विदेश नीति को इतनी मजबूती दी है कि देश ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति के मामले में पहले से कहीं अधिक सक्षम हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत आज 80% से अधिक कच्चे तेल का आयात करता है, फिर भी पिछले वर्षों में भारत ने रूस, अमेरिका, सऊदी अरब और यूएई जैसे विभिन्न स्रोतों से संतुलित आपूर्ति सुनिश्चित की है।
“2022-23 में भारत ने रूस से रियायती दरों पर तेल खरीदकर अरबों डॉलर की बचत की—यह विदेश नीति की सफलता है, विफलता नहीं,” उन्होंने कहा।
एलपीजी पर बात करते हुए जमवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 9 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन दिए हैं और सब्सिडी के माध्यम से आम जनता को राहत दी जा रही है।
“जहां कांग्रेस के समय गैस कनेक्शन सपना था, वहां आज गरीब के घर चूल्हा नहीं, गैस जलती है,” उन्होंने तंज कसा।
जगत सिंह नेगी द्वारा अमेरिका और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जमवाल ने कहा कि यह भारत की विदेश नीति नहीं, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
“कांग्रेस आज भी ‘दुनिया क्या कहेगी’ वाली राजनीति में अटकी है, जबकि मोदी सरकार ‘भारत क्या तय करेगा’ के सिद्धांत पर काम कर रही है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है—
G20 की सफल अध्यक्षता
वैश्विक संकटों में भारत की निर्णायक भूमिका
ऊर्जा आपूर्ति में रणनीतिक संतुलन
ये सभी उदाहरण बताते हैं कि भारत की विदेश नीति पहले से कहीं अधिक प्रभावी और आत्मनिर्भर है।
राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को तथ्यों की जानकारी के बिना बयान देने से बचना चाहिए।
“कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देख लें—न ऊर्जा सुरक्षा थी, न विदेश नीति में स्पष्टता। आज जब भारत मजबूत हुआ है, तो इन्हें तकलीफ हो रही है,” उन्होंने तीखा राजनीतिक प्रहार किया।
अंत में उन्होंने कहा कि भारत किसी की “गुलामी” नहीं कर रहा, बल्कि आज दुनिया भारत के साथ खड़े होने को तैयार है।
“कांग्रेस भ्रम फैलाना बंद करे, देश आज मजबूत हाथों में है,” उन्होंने कहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular